
उत्तर प्रदेश में नौतपा के चौथे दिन मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चल रही हैं और आसमान में बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 69 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि कई जिलों में हीटवेव का खतरा अब भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 31 मई तक प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मौसम तेजी से बदल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के कारण तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
गुरुवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। भीषण गर्मी के बीच लोग धूप और लू से बचने के लिए अलग-अलग उपाय करते नजर आए। प्रयागराज में एक युवक स्कूटी पर पूरा कवर लगाकर सड़क पर निकला, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वहीं अयोध्या में चलते ऑटो में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। डॉक्टरों के अनुसार, इस मौसम में हीटस्ट्रोक यानी लू लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है। शरीर का तापमान नियंत्रित करने वाला सिस्टम प्रभावित होने पर व्यक्ति की हालत गंभीर हो सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा समेत कई जिलों में मौसम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर और वाराणसी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
IMD ने 28 मई से 1 जून तक रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए किसानों, पशुपालकों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से फसलों, पेड़ों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से बिजली चमकने और तूफान के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 मई को प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि 30 मई को कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 31 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। वहीं 1 जून से मौसम साफ होने और तापमान में फिर बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें: कल का मौसम: 19 राज्यों में भारी बारिश और 81 KMPH तूफान का अलर्ट, कई राज्यों में हीटवेव जारी