
देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। एक तरफ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और तूफान को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 17 घंटों के दौरान कई राज्यों में 50 से 81 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
IMD के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर लक्षद्वीप तक एक सक्रिय मौसमी सिस्टम बना हुआ है, जिसके प्रभाव से उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मेघालय, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश समेत 19 राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी भी दी है।
दिल्ली में मंगलवार को तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। राजधानी में गर्म हवाएं चलेंगी और हीटवेव का असर बना रहेगा। वहीं उत्तर प्रदेश में गर्मी ने हालात गंभीर कर दिए हैं। बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगरा, नोएडा, प्रयागराज और वाराणसी में 25 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, जैसलमेर और कोटा में भी तेज गर्मी और हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी तरफ बिहार में मौसम अचानक बदल सकता है। पटना, पूर्णिया और भागलपुर में तेज बारिश के साथ 81 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। उत्तरकाशी, चमोली, शिमला, मंडी और कांगड़ा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
मध्य प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में भी भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और खराब मौसम दोनों से सावधान रहने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
ये भी पढ़ें: 12 मई का मौसम अलर्ट: 11 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 60 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं