
देशभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 12 मई के लिए बड़ा अलर्ट जारी करते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 11 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में 12 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि 13 मई के बाद मौसम में सुधार होने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी और बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
15 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी
राजस्थान में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। एक ओर जोधपुर और बीकानेर में हीटवेव का खतरा बना रहेगा, वहीं जयपुर, शेखावाटी और भरतपुर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मध्यप्रदेश के रायसेन, जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और सागर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। वहीं झारखंड में अगले चार दिनों तक आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों में न जाने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: गुजरात में बेमौसम बारिश का कहर, आम व फसलों को भारी नुकसान