
नरेंद्र मोदी ने सोमवार, 11 मई को गुजरात के वडोदरा समेत कई कार्यक्रमों में देशवासियों से आत्मनिर्भर भारत को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालातों के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है, ऐसे में देशवासियों को ईंधन और विदेशी वस्तुओं के उपयोग में कटौती करनी चाहिए।
वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का कम उपयोग करने, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता देने तथा कार पूलिंग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से देश पर पड़ने वाला आर्थिक दबाव कम किया जा सकता है। पीएम मोदी ने सरकारी और निजी कार्यालयों में वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की भी सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का बड़ा विदेशी मुद्रा भंडार कच्चे तेल और सोने के आयात में खर्च होता है। ऐसे में नागरिकों को अनावश्यक सोने की खरीदारी टालनी चाहिए और “वोकल फॉर लोकल” को जन आंदोलन बनाना चाहिए। उन्होंने खासतौर पर गुजरात और सूरत के लोगों से इस अभियान में आगे आने की अपील की।
कृषि क्षेत्र को लेकर भी पीएम मोदी ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और रासायनिक उर्वरकों का कम उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि धरती मां और खेती दोनों को बचाने के लिए नेचुरल फार्मिंग समय की जरूरत है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने विदेश यात्राओं को फिलहाल टालने की सलाह देते हुए कहा कि भारत में ही कई सुंदर पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जहां लोग छुट्टियां मना सकते हैं।
इधर गुजरात के वलसाड में कथित लव जिहाद मामले को लेकर विवाद बढ़ गया है। आरोप है कि एक युवक ने हिंदू नाम रखकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया और शादी के बाद उसे बंधक बनाया। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संगठनों ने पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया।
वहीं, राजुला के भावनगर-सोमनाथ हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। छतड़िया गांव के पास श्रद्धालुओं से भरे टेम्पो की सीमेंट ब्लॉकर से टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि गुजरात आज हर क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है और देश को विकास की नई दिशा दे रहा है।
ये भी पढ़ें: PM मोदी की एक अपील से शेयर बाजार में भूचाल, ज्वेलरी सेक्टर के ₹35,000 करोड़ स्वाहा