
नई दिल्ली। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान गुजरात में चल रहे विभिन्न विकासोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रधानमंत्री को गुजरात में प्राकृतिक कृषि के विस्तार और उसके सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों को रासायनिक मुक्त एवं प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करने तथा गाय आधारित कृषि को बढ़ावा देने के लिए राज्यभर में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को राज्य में ऊर्जा संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गुजरात लोकभवन के मार्गदर्शन में सभी सरकारी कार्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा नगर निगमों में बिजली बचत अभियान मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है।
मुलाकात के दौरान गुजरात के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित ग्राम कल्याण कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने ग्रामीण विकास, स्वच्छता, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, संस्कार, रोजगार, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, पशुपालन, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्राकृतिक कृषि तथा सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रधानमंत्री को दी।
उन्होंने ग्रामीणों के साथ प्रत्यक्ष संवाद के दौरान प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रियाओं और जनभागीदारी के अनुभव भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष प्रस्तुत किए। यह मुलाकात गुजरात के विकास, कृषि सुधार और जनकल्याणकारी पहलों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें: अल-नीनो की आशंका के बीच गुजरात सरकार अलर्ट, नर्मदा से 300 तालाब भरने का निर्णय