
देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर भारत सहित कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 29 अप्रैल को कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।
IMD के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी, बिजली गिरने और तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां ओलावृष्टि, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 मई तक राज्य में लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है।
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम सुहावना बना रहेगा। 29 और 30 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, 1 मई से तापमान फिर से बढ़ने की संभावना है।
दक्षिण भारत के तटीय क्षेत्रों आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले दो दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर की धूप से बचने और अधिक पानी पीने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: CBSE 12वीं रिजल्ट 2026: इस तारीख को आ सकता है परिणाम, ऐसे करें चेक