
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण का मतदान बुधवार को जारी रहा, जहां एक ओर रिकॉर्ड मतदान देखने को मिला, वहीं कई स्थानों पर हिंसा और विवाद की घटनाएं भी सामने आईं। राजधानी कोलकाता समेत राज्य के छह जिलों हावड़ा, नदिया, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्वी बर्धमान की कुल 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक करीब 39.97% मतदान दर्ज किया गया। लंबी कतारों में खड़े मतदाताओं का उत्साह इस बात का संकेत दे रहा है कि इस चरण में भी रिकॉर्ड मतदान हो सकता है। इस चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं।
इस बीच, भवानीपुर सीट पर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जहां भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने घेर लिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए केंद्रीय बलों और पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। यह सीट बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधी टक्कर है।
वहीं, पूर्वी बर्धमान जिले के केतुग्राम क्षेत्र में एक मतदान केंद्र के पास बम बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। इस बार पहली बार चुनाव में एनआईए की तैनाती की गई है, ताकि हिंसक घटनाओं पर काबू पाया जा सके।
ईवीएम को लेकर भी विवाद सामने आया है। फाल्टा क्षेत्र में भाजपा ने आरोप लगाया कि कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम पर पार्टी के स्टिकर लगाए गए हैं। चुनाव आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि यदि छेड़छाड़ की पुष्टि होती है, तो संबंधित बूथों पर पुनः मतदान कराया जाएगा।
इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली ने भी मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई। गांगुली ने कहा कि पिछले चरण की तरह इस बार भी मतदान प्रतिशत काफी ऊंचा रहने की उम्मीद है।
चुनाव को शांतिपूर्ण बनाने के लिए 2,400 से अधिक केंद्रीय बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं, साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिससे राज्य की अगली सरकार का फैसला होगा।
ये भी पढ़ें: 15 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी