
नई दिल्ली: आगामी NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और त्रुटिरहित संचालन के साथ आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पिछली परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई सभी खामियों को इस बार पूरी तरह दूर किया जाए। उन्होंने परीक्षा को सुरक्षित, सुचारु और निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि परीक्षा व्यवस्था की निगरानी को मजबूत बनाने के लिए सभी राज्यों के जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी। छात्रों के लिए परिवहन, पीने के पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से सख्त निगरानी रखने और हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
गौरतलब है कि पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों के बाद NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित करने की घोषणा की है। इस मामले की जांच CBI कर रही है और अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
NTA ने छात्रों और अभिभावकों को सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से सतर्क रहने की सलाह दी है। एजेंसी ने कहा कि केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत चैनलों पर जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।
यदि किसी छात्र को परीक्षा केंद्र, एडमिट कार्ड या अन्य किसी समस्या का सामना करना पड़े, तो वे सीधे NTA की आधिकारिक हेल्पलाइन और ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: NEET-UG 2026 पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, CBI ने खोले बड़े राज