
देशभर में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है और इसके साथ एयर कंडीशनर की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। हालांकि आज भी बड़ी संख्या में लोग किराए के घर, ज्यादा बजट और इंस्टॉलेशन की परेशानियों के कारण स्प्लिट या विंडो AC खरीदने से बचते हैं। ऐसे में अब पोर्टेबल AC लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बिना किसी तोड़फोड़ और भारी इंस्टॉलेशन के आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
पोर्टेबल AC में पहिए लगे होते हैं, जिसकी मदद से इसे एक कमरे से दूसरे कमरे में आसानी से ले जाया जा सकता है। स्प्लिट या विंडो AC की तरह इसे दीवार पर फिट करने की जरूरत नहीं होती। यही वजह है कि किराए के घरों में रहने वाले और छोटे फ्लैट में रहने वाले लोग इसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसमें एक पाइप दिया जाता है, जो कमरे की गर्म हवा को बाहर निकालता है। इस पाइप को खिड़की के जरिए बाहर लगाया जा सकता है।
मार्केट में मिनी एयर कंडीशनर से लेकर 1.5 टन तक के पोर्टेबल AC उपलब्ध हैं। छोटे मिनी AC और कूलर की शुरुआती कीमत करीब 1,000 रुपये से शुरू होती है, जबकि बड़े पोर्टेबल AC लगभग 30,000 रुपये से उपलब्ध हैं। ब्लू स्टार, लॉयड, क्रूज और क्रोमा जैसी कंपनियों के पोर्टेबल AC इन दिनों काफी चर्चा में हैं।
ब्लू स्टार का 1 टन पोर्टेबल AC करीब 120 स्क्वायर फीट तक के कमरे को ठंडा करने में सक्षम माना जाता है। इसमें हाई एफिशिएंसी रोटरी कंप्रेसर, एंटी-बैक्टीरियल सिल्वर कोटिंग और फास्ट कूलिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। वहीं, क्रोमा का 1.5 टन पोर्टेबल AC बड़े कमरों के लिए बेहतर विकल्प माना जा रहा है। इसमें कॉपर कंडेंसर, स्लीप मोड और सेल्फ डायग्नोस्टिक जैसे स्मार्ट फीचर्स मिलते हैं।
इसके अलावा Cruise का पोर्टेबल AC 4-इन-1 मोड के साथ आता है, जिसमें कूलिंग, डीह्यूमिडिफायर, एयर प्यूरीफायर और फैन की सुविधा मिलती है। इसमें दिए गए कास्टर व्हील्स की मदद से इसे आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है।
पोर्टेबल AC की बिक्री बढ़ने की एक बड़ी वजह आसान फाइनेंसिंग और EMI ऑप्शन भी हैं। कई ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और फाइनेंस कंपनियां जीरो डाउन पेमेंट और कम मासिक किस्तों पर पोर्टेबल AC उपलब्ध करा रही हैं। कई प्लेटफॉर्म पर 1,000 से 1,500 रुपये तक की शुरुआती EMI में भी ग्राहक इसे खरीद सकते हैं। साथ ही बैंक ऑफर, कैशबैक और एक्सचेंज ऑफर का फायदा भी मिल रहा है।
अगर आपका कमरा बड़ा है और आप बेहतर कूलिंग चाहते हैं, तो Croma या Blue Star का पोर्टेबल AC अच्छा विकल्प हो सकता है। वहीं बजट में खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए Cruise जैसे मॉडल बेहतर माने जा रहे हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Amazon और Flipkart पर ये AC 40 से 45 हजार रुपये की कीमत में उपलब्ध हैं।
(नोट: आर्टिकल में इस्तेमाल की गई कुछ तस्वीरें AI आधारित और काल्पनिक हो सकती हैं।)
ये भी पढ़ें: क्या ईयरबड्स से भी हो सकती है डेटा चोरी? स्मार्ट हेडफोन से प्राइवेसी लीक का बढ़ता खतरा