
अगर आपके पास Apple iPhone है और वह चोरी हो जाए या कहीं खो जाए, तो आपको केवल फोन चोरी होने का ही नहीं बल्कि बड़े साइबर फ्रॉड का भी खतरा हो सकता है। भारतीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाले Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने iPhone यूजर्स के लिए एक अहम चेतावनी जारी की है। एजेंसी के अनुसार साइबर अपराधी अब चोरी या खोए हुए iPhone के असली मालिकों को ही निशाना बनाकर “डबल फ्रॉड” कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone चोरी होने के बाद अपराधी यूजर को नकली “Apple Support” मैसेज भेजते हैं। इन संदेशों में दावा किया जाता है कि फोन मिल गया है या उसका लोकेशन ट्रैक किया गया है। मैसेज में दी गई लिंक पर क्लिक करते ही यूजर एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जो बिल्कुल Apple iCloud जैसी दिखाई देती है।
घबराहट में यूजर वहां अपना Apple ID, पासवर्ड और OTP दर्ज कर देता है। इसके बाद साइबर अपराधी यूजर के iCloud अकाउंट पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लेते हैं। फिर वे “Find My iPhone” बंद करके फोन का Activation Lock हटा देते हैं। इससे चोरी हुआ फोन आसानी से दोबारा बेचा जा सकता है और यूजर का निजी डेटा भी खतरे में पड़ जाता है।
सरकार ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। केवल Apple की आधिकारिक वेबसाइट या iCloud सेवा का ही उपयोग करें। इसके अलावा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) हमेशा चालू रखें और OTP किसी के साथ साझा न करें।
यदि किसी प्रकार का साइबर फ्रॉड होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
ये भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे भारतीयों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, 217 भारतीय रूसी सेना में शामिल; 49 की मौत