
भरूच जिले में घरफोड़ चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए स्थानीय क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उमल्ला थाना क्षेत्र के फीचवाड़ा गांव में हुई करीब 25 लाख रुपये की बड़ी चोरी और अछालिया गांव में हुई चोरी समेत कुल 6 घरफोड़ चोरी के मामलों का भेद सुलझाने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, 14-15 मई की रात फीचवाड़ा गांव में अज्ञात चोरों ने मकान की खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। इसके कुछ दिनों बाद अछालिया गांव में भी इसी प्रकार की चोरी की घटना सामने आई थी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए एलसीबी की टीम ने घटनास्थल की जांच, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और मानव स्रोतों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दिनेश पटेलिया और खाटाभाई वाघेला नामक दो व्यक्ति चोरी की घटनाओं में शामिल हो सकते हैं और वे अंकलेश्वर के बकरा बाजार क्षेत्र में देखे गए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे आम के बगीचे ठेके पर लेने के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। बाद में उन्होंने सूरत निवासी जादव परमार और गोविंद मकवाणा के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी करने की योजना बनाई थी।
आरोपी महिलाओं के बाल खरीदने के बहाने गांवों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय बाइक से पहुंचकर खिड़की या दरवाजे में छेद कर घर में प्रवेश करते और चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वर्ष 2021 में अछालिया और प्रांकड़ गांव तथा वर्ष 2024 में राजपारडी क्षेत्र के सारसा और नया टोठीदरा गांव में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेशभाई मनजीभाई पटेलिया निवासी भुभली गांव, भावनगर तथा खाटाभाई बालाभाई वाघेला निवासी खांटसुरा, भावनगर (हाल निवासी दढ़ाल गांव) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 22,220 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल 25,720 रुपये का मुद्दामाल बरामद किया है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस गिरोह के अन्य फरार आरोपियों को वांछित घोषित कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: पंचमहल में सुजलाम सुफलाम योजना की आड़ में मिट्टी चोरी का बड़ा घोटाला, खनन माफियाओं पर गंभीर आरोप