
कच्छ: गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और भारतीय तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) ने संयुक्त अभियान चलाकर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मुंद्रा पोर्ट के समुद्री क्षेत्र से लगभग 118.977 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दिल्ली से दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और एक आरोपी की तलाश जारी है।
गुजरात ATS को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि ब्राजील से कार्गो जहाज ‘यूरोप’ के जरिए भारी मात्रा में कोकीन भारत लाई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह खेप समुद्र के रास्ते मुंद्रा पहुंचने के बाद मछली पकड़ने वाली नाव के जरिए दिल्ली भेजी जानी थी।
सूचना मिलने के बाद ATS और इंडियन कोस्ट गार्ड ने संयुक्त टीम बनाकर समुद्री क्षेत्र में निगरानी शुरू की। जांच के दौरान ‘यूरोप’ नामक कार्गो जहाज के डेक पर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। कोस्ट गार्ड की नाव को पास आता देखकर जहाज पर मौजूद लोगों ने कई भारी बैग समुद्र में फेंक दिए।
संयुक्त टीम ने समुद्र से पांच बैग बरामद किए, जिनकी जांच में कुल 115 पैकेट कोकीन पाए गए। जब्त कोकीन का कुल वजन 118.977 किलोग्राम बताया गया है। बैगों के भीतर चार एप्पल एयरटैग भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी की पहचान जुमा नासिर उमर के रूप में हुई, जिसने स्वीकार किया कि उसने ब्राजील से प्रतिबंधित पदार्थ जहाज के मोटर रूम में छिपाया था। जांच के दौरान दूसरा आरोपी न्गिंगाइट नासोरो जुमाने समुद्र में कूदकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
दिल्ली पुलिस की मदद से गुजरात ATS ने दिल्ली के द्वारका इलाके से केल्विन चुकुमा और ब्यारुहांगा जेम्स को भी हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, जहाज पर मौजूद आरोपी तंजानिया के नागरिक हैं, जबकि दिल्ली से पकड़े गए आरोपियों में एक नाइजीरियाई और एक युगांडा का निवासी है।
ATS अधिकारियों के अनुसार यह ऑपरेशन विभिन्न एजेंसियों के साझा प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
ये भी पढ़ें: गांधीनगर के साणंद-सांतज की वैक्स फैक्ट्री में भीषण आग, फायर विभाग ने मेजर कॉल किया घोषित