
गांधीनगर: गुजरातवासियों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में प्री-मानसून गतिविधियों के तहत तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 30 मई से राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कच्छ, सौराष्ट्र, उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात और दक्षिण गुजरात समेत केंद्र शासित प्रदेशों में भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। 30 मई को कच्छ के साथ बनासकांठा, साबरकांठा, पाटन और अरावली जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं महीसागर, पंचमहल, दाहोद, छोटा उदेपुर, नर्मदा और तापी जिलों में भी बारिश का अनुमान है।
31 मई को कच्छ, बनासकांठा, साबरकांठा, पाटन, महेसाणा और अरावली जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा महीसागर, पंचमहल, दाहोद, छोटा उदेपुर, नर्मदा, तापी और डांग जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
1 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं। सौराष्ट्र के गिर सोमनाथ, अमरेली और भावनगर के साथ उत्तर गुजरात के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। अहमदाबाद और गांधीनगर समेत मध्य गुजरात के खेड़ा, आनंद, महीसागर, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा और छोटा उदेपुर जिलों में भी मौसम बदलने के आसार हैं।
दक्षिण गुजरात के भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग और वलसाड जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
IMD के अनुसार, आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। देश के कई हिस्सों में जहां तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहां अब बारिश और तेज हवाओं के कारण गर्मी से राहत मिल सकती है। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी 28 मई से बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। 29 से 31 मई के बीच कई राज्यों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है।
ये भी पढ़ें: भारत टैक्सी बनी दुनिया की सबसे बड़ी मोबिलिटी कोऑपरेटिव, 35 लाख यूजर्स और 6 लाख ड्राइवर्स जुड़े