
देश में सहकारिता मॉडल को नई पहचान देने वाली ‘भारत टैक्सी’ आज दुनिया की सबसे बड़ी मोबिलिटी कोऑपरेटिव के रूप में उभर रही है। 35 लाख से अधिक यूजर्स और 6 लाख से ज्यादा ड्राइवर्स के साथ यह प्लेटफॉर्म न केवल ड्राइवरों की आमदनी बढ़ा रहा है, बल्कि यात्रियों को भी कम किराए में सुरक्षित और पारदर्शी सेवा उपलब्ध करा रहा है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा 5 फरवरी को लॉन्च की गई यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन को नई दिशा दे रही है। भारत टैक्सी का मॉडल पारंपरिक एग्रीगेटर कंपनियों से अलग है, क्योंकि इसमें ड्राइवर ही प्लेटफॉर्म के मालिक और हिस्सेदार हैं।
भारत टैक्सी के चेयरमैन और अमूल के एमडी जयन मेहता ने कहा कि इस मॉडल में राइड की 100 प्रतिशत कमाई सीधे ड्राइवरों तक पहुंचती है और किसी प्रकार का भारी कमीशन नहीं काटा जाता। इससे ड्राइवरों की मासिक आय में 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

ड्राइवर प्रवीण ठाकोर के अनुसार, अन्य कंपनियों की तुलना में भारत टैक्सी बेहतर रेट और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराती है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। वहीं ड्राइवर जनक बारोट ने बताया कि यहां शून्य कमीशन मॉडल होने से ड्राइवर खुद को मालिक महसूस करते हैं और यात्रियों को भी कम किराए का लाभ मिलता है।
भारत टैक्सी ने यात्रियों को डायनेमिक प्राइसिंग से राहत दी है। पारदर्शी किराया प्रणाली के कारण यात्रियों को औसतन 15 प्रतिशत तक कम किराया देना पड़ रहा है।
गुजरात में भारत टैक्सी तेजी से लोकप्रिय हो रही है। अहमदाबाद और सूरत के बाद अब जल्द ही वडोदरा में भी इसकी सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। कंपनी आईटी पार्क, एयरपोर्ट और हाउसिंग सोसायटियों जैसे क्षेत्रों में सीधे लोगों तक पहुंच बनाने के लिए बीटीएल रणनीति अपना रही है।
सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत टैक्सी ने नई पहल की है। यात्रियों और ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए गुजरात पुलिस के साथ SOS इंटीग्रेशन किया गया है। इसके अलावा 10 हजार से अधिक ड्राइवरों को डिजिटल साक्षरता और सॉफ्ट स्किल्स का प्रशिक्षण दिया गया है।
मेट्रो, जीएसआरटीसी और एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ इंटीग्रेटेड ट्रांजिट सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को सहज और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा रहा है। भारत टैक्सी अब केवल एक ऐप नहीं, बल्कि सहकारिता आधारित डिजिटल क्रांति का प्रतीक बनती जा रही है।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद में जमीन विवाद पर बवाल: रिटायर्ड DySP ने की 5 राउंड फायरिंग, इलाके में मची सनसनी