
गुजरात में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अरब सागर में सक्रिय मजबूत साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्यभर में 4 जून तक तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज 16 जिलों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों दीव, दमन तथा दादरा एवं नगर हवेली में बारिश की संभावना है, जबकि अगले 24 घंटों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। रविवार को राज्य के 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट, मोरबी, सुरेंद्रनगर, बोटाद, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर गुजरात के बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा और अरावली जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
मध्य गुजरात के अहमदाबाद, गांधीनगर, आनंद, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा और छोटा उदेपुर जिलों में भी तेज हवाओं के साथ वर्षा का अनुमान है। दक्षिण गुजरात के भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड जिलों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
तेज हवाओं और खराब समुद्री परिस्थितियों को देखते हुए तटीय क्षेत्रों के मछुआरों को अगले पांच दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
इस बीच क्रिकेट प्रेमियों की चिंता भी बढ़ गई है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले IPL 2026 फाइनल मुकाबले में बारिश बाधा बन सकती है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेले जाने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर मौसम का खतरा मंडरा रहा है। यदि बारिश होती है तो करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: सूरत पुलिस की लाडली ‘हस्ती’ को मिला नया परिवार, मुंबई के दंपती ने लिया गोद