
गुजरात में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में आगामी दो दिनों तक बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार 22 और 23 मई को सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को अमरेली और गिर सोमनाथ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात के नवसारी, डांग और वलसाड जिलों के कुछ इलाकों में भी बारिश का अनुमान लगाया गया है। केंद्र शासित प्रदेश दीव, दमन और दादरा नगर हवेली में भी मौसम बदल सकता है।
23 मई को अमरेली, गिर सोमनाथ और भावनगर के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं डांग, तापी, नवसारी और वलसाड में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 27 मई तक राज्य में बड़े स्तर पर बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है।
देशभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही हैं। मौसम विभाग ने उत्तर-पूर्व भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इधर मौसम विशेषज्ञ अंबालाल पटेल ने भी गुजरात में मौसम बदलने के संकेत दिए हैं। उनके अनुसार 22 से 24 मई के बीच दक्षिण गुजरात और दक्षिण सौराष्ट्र के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। द्वारका, जामनगर और पोरबंदर के तटीय इलाकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से पहले आगे बढ़ रहा है। संभावना जताई जा रही है कि 26 मई तक मानसून केरल पहुंच सकता है और 15 जून तक गुजरात में मानसून की औपचारिक एंट्री हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मानसून की रफ्तार बनी रही तो जून के तीसरे सप्ताह तक उत्तर भारत को भी भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
ये भी पढ़ें: कल का मौसम: 19 राज्यों में भारी बारिश और 81 KMPH तूफान का अलर्ट, कई राज्यों में हीटवेव जारी