
सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब नए विवाद में घिर गई है। दिल्ली के एक बीजेपी नेता ने दावा किया है कि इस पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में बड़ी संख्या पाकिस्तान से जुड़ी हुई है। नेता ने सोशल मीडिया पर एक इनसाइट डेटा इमेज साझा करते हुए इसे “पाकिस्तान जनता पार्टी” तक कह दिया।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम पेज अचानक चर्चा में आ गया। महज पांच दिनों के भीतर इस पेज पर करीब 15 मिलियन फॉलोअर्स जुड़ गए। सोशल मीडिया पर युवाओं के बीच यह पेज तेजी से वायरल हुआ और कई लोग इसे सिस्टम के खिलाफ गुस्से की अभिव्यक्ति बता रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स इसे एक नए राजनीतिक विकल्प के तौर पर भी देख रहे हैं।
बीजेपी नेता द्वारा शेयर किए गए कथित डेटा के अनुसार, इस पेज के 49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं। इसके अलावा 14 प्रतिशत फॉलोअर्स अमेरिका और 14 प्रतिशत बांग्लादेश से बताए गए हैं। भारत से केवल 9 प्रतिशत फॉलोअर्स होने का दावा किया गया है। वहीं यूके, ऑस्ट्रेलिया, सऊदी अरब और यूएई से भी फॉलोअर्स जुड़े होने की बात कही गई है।
हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर इस दावे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे राजनीतिक नैरेटिव बनाने की कोशिश बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इस पूरे मामले को सोशल मीडिया ट्रेंड और वायरल संस्कृति से जोड़कर देख रहे हैं।
गौरतलब है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम की शुरुआत 15 मई 2026 को हुई एक कोर्ट टिप्पणी के बाद हुई थी। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने कथित तौर पर कुछ बेरोजगार और फर्जी डिग्री धारकों की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ से की थी। बाद में उन्होंने सफाई भी दी, लेकिन तब तक यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। इसी के बाद यह नाम मीम और व्यंग्य के रूप में सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा।
ये भी पढ़ें: NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर हाई लेवल बैठक, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिए कड़े निर्देश