
अहमदाबाद: गुजरात में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है। राज्य में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने आगामी 30 मई से 2 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात के कच्छ, सौराष्ट्र, उत्तर और मध्य गुजरात के कई जिलों में चार दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
30 मई को कच्छ, बनासकांठा, साबरकांठा, पाटन और महिसागर जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। वहीं 31 मई को कच्छ, बनासकांठा, पाटन, अरावली, साबरकांठा, दाहोद और छोटा उदेपुर जिलों में मौसम बदल सकता है।
1 जून को राज्य के 12 जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। बनासकांठा, साबरकांठा, पाटन, अरावली, महिसागर, दाहोद, पंचमहल, वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, अमरेली और भावनगर में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 2 जून को अमरेली, भावनगर, महिसागर, दाहोद, पंचमहल, वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, तापी और डांग जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें: गुजरात में बारिश की दस्तक: भीषण गर्मी के बीच अगले दो दिन कई जिलों में बारिश का अलर्ट