
एशियन गेम्स के लिए चल रहे चयन ट्रायल्स में भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला मुकाबला जीत लिया। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ट्रायल्स में विनेश ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की पहलवान ज्योति को 7-1 के बड़े अंतर से मात दी।
ट्रायल्स शुरू होने से पहले विनेश फोगाट के भार वर्ग को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। उन्हें पहले केवल 50 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति देने की बात कही गई थी, जिसका उन्होंने विरोध किया। विनेश ने इस फैसले को भेदभावपूर्ण बताते हुए भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) पर सवाल उठाए थे।
शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद विनेश का एशियन गेम्स चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद उनका वजन किया गया, जिसमें उनका वजन 53.9 किलोग्राम पाया गया। इसी आधार पर उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा की अनुमति दी गई।
WFI अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि विनेश की आपत्तियों के बाद उनका वजन दोबारा जांचा गया था और नियमों के अनुसार उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में खेलने की मंजूरी दी गई।
मुकाबले से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि वह अगले दो वर्षों तक पेशेवर कुश्ती जारी रखना चाहती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वजन कराने के लिए उन्हें करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा और कई अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा। विनेश ने कहा कि अब उन्हें किसी पर भरोसा नहीं रहा, इसलिए वह अपना खान-पान और जरूरी सामान खुद साथ लेकर आई हैं।
विनेश की इस शानदार जीत ने एशियन गेम्स टीम में उनके चयन की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।
ये भी पढ़ें: IPL 2026 क्वालिफायर-2 में टॉस पर बड़ा विवाद, दोबारा टॉस के बाद राजस्थान ने चुनी बल्लेबाजी