
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई मंत्री और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह गंगा एक्सप्रेस वे मेरठ से प्रयागराज तक फैला हुआ 594 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जो राज्य के विकास में एक अहम भूमिका निभाने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इसे उत्तर प्रदेश की “लाइफलाइन” बताते हुए कहा कि यह एक्सप्रेसवे राज्य की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और आर्थिक विकास को नई गति देगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
गंगा एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वांचल से जोड़ता है और मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जैसे 12 प्रमुख जिलों को कवर करता है। इससे यात्रा का समय काफी कम होगा और परिवहन अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा।
यह एक्सप्रेसवे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल (DBFOT) के तहत विकसित किया गया है। वर्तमान में इसे छह लेन में तैयार किया गया है, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकता है। इसकी डिजाइन स्पीड 120 किमी प्रति घंटा है, जो इसे देश के सबसे आधुनिक एक्सप्रेसवे में शामिल करती है।
इस परियोजना की एक खास विशेषता शाहजहांपुर के पास बनी लगभग 3.2 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप है, जहां आपातकालीन स्थिति में वायुसेना के विमान उतर सकते हैं। इसके अलावा पूरे मार्ग पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), CCTV निगरानी, इमरजेंसी कॉल बॉक्स, एम्बुलेंस और पेट्रोलिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे के साथ विकसित किए जा रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) इस परियोजना की बड़ी ताकत हैं। इन क्लस्टर्स में वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स और लॉजिस्टिक्स हब शामिल होंगे, जो रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद हरदोई में इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे मां गंगा का आशीर्वाद है और उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
ये भी पढ़ें: गुजरात निकाय चुनाव में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का ऐतिहासिक प्रदर्शन