
NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस मामले में जयपुर के बिंवाल परिवार के तीन सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की नजर पूरे परिवार पर टिक गई है। जांच एजेंसी को संदेह है कि NEET परीक्षा में गड़बड़ी का सबसे बड़ा लाभ इसी परिवार को मिला हो सकता है।
दरअसल, बिंवाल परिवार के पांच बच्चों को वर्ष 2025 में MBBS के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज आवंटित हुए थे। यह जानकारी सामने आने के बाद जांच एजेंसियां NEET UG 2025 की प्रक्रिया की भी पड़ताल कर रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट ने इस मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है।
कौन हैं आरोपी?
CBI द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जयपुर के जमवारामगढ़ निवासी मांगीलाल बिंवाल, उसका भाई दिनेश बिंवाल और मांगीलाल का बेटा विकास बिंवाल शामिल हैं। चौथा आरोपी हरियाणा निवासी यश यादव बताया जा रहा है। फिलहाल चारों आरोपियों से दिल्ली में पूछताछ की जा रही है।
वायरल पोस्ट से बढ़ा संदेह
पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद दिनेश बिंवाल की एक पुरानी फेसबुक पोस्ट वायरल हो गई। 6 नवंबर 2025 की इस पोस्ट में उसने लिखा था कि उनके परिवार के पांच बच्चों का सरकारी मेडिकल कॉलेज में चयन हुआ है। पोस्ट में सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी गई थीं।
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई सवाल उठने लगे। लोगों का कहना है कि एक ही परिवार के इतने बच्चों का एक साथ सरकारी मेडिकल कॉलेज में चयन होना जांच का विषय हो सकता है।
परिवार के कौन-कौन से बच्चे कर रहे MBBS?
जानकारी के अनुसार, मांगीलाल बिंवाल के बेटे विकास को सरकारी मेडिकल कॉलेज सवाई माधोपुर मिला था, जबकि बेटी प्रगति का चयन सरकारी मेडिकल कॉलेज दौसा में हुआ। वहीं परिवार के अन्य सदस्य घनश्याम बिंवाल की बेटी सानिया को SMS मेडिकल कॉलेज जयपुर और दूसरी बेटी पलक को मुंबई के सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिला।
बताया जा रहा है कि परिवार के अन्य बच्चे भी सीकर में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। आरोपी दिनेश बिंवाल का बेटा ऋषि भी NEET UG 2026 परीक्षा में शामिल हुआ था।
दिल्ली में CBI की पूछताछ जारी
CBI ने चारों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। इससे पहले आरोपियों को जयपुर की अदालत में पेश किया गया था। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
सूत्रों के मुताबिक, CBI अब NEET UG 2025 के परिणामों और चयन प्रक्रिया की भी गहन जांच कर सकती है। ऐसे में यह मामला आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है।
ये भी पढ़ें: भारतीय शेयर बाजार ग्रीन ज़ोन में बंद, सेंसेक्स 790 अंक उछला