
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की जनता के नाम एक खुला पत्र और वीडियो संदेश जारी किया है। इस पत्र में उन्होंने “भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए” का नारा देते हुए राज्य में परिवर्तन और विकास का वादा किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र का हर उत्सव पवित्र होता है और उन्हें भी इस महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें बंगाल में एक अलग ही ऊर्जा का अनुभव हुआ। भीषण गर्मी और लगातार रैलियों के बावजूद उन्हें कोई थकान महसूस नहीं हुई। उन्होंने इन रैलियों और रोड शो को “तीर्थ यात्रा” जैसा अनुभव बताया।
अपने पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की जनता के प्रेम और समर्थन को अपनी “सबसे बड़ी पूंजी” बताया। उन्होंने लिखा कि उन्हें हर वर्ग युवा, महिलाएं, किसान और श्रमिक से अपार स्नेह मिला है, जो उन्हें लगातार प्रेरित करता है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि बंगाल के लोग अब बदलाव चाहते हैं। युवा बेहतर अवसर चाहते हैं, महिलाएं सुरक्षा और स्वतंत्रता की उम्मीद रखती हैं, जबकि किसान और मजदूर विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि बंगाल के सामने मौजूद हर चुनौती को अवसर में बदला जाएगा और वह अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेंगे। प्रधानमंत्री ने यह भी अपील की कि 29 अप्रैल को होने वाले मतदान में लोग रिकॉर्ड संख्या में भाग लें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण का उत्सव जनता के साथ मिलकर मनाया जाएगा और “विकसित बंगाल” का सपना साकार किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम, धामी सरकार का विशेष सत्र और मशाल जुलूस