
भारत में आधार कार्ड को लेकर बड़े बदलाव किए गए हैं। अब UIDAI ने आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने की प्रक्रिया को पहले से ज्यादा आसान बना दिया है। नए नियमों के तहत कई नए दस्तावेजों को मान्यता दी गई है, जिससे लोगों को आधार कार्ड बनवाने या उसमें बदलाव कराने में कम परेशानी होगी।
यदि आप अपने बच्चे का आधार कार्ड बनवाना चाहते हैं, नाम या पता बदलना चाहते हैं, जन्मतिथि अपडेट करनी है या मोबाइल नंबर जोड़ना अथवा बदलना है, तो अब प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल हो गई है। UIDAI ने अलग-अलग वर्गों के लोगों के लिए दस्तावेजों की नई सूची जारी की है।
बच्चों के आधार कार्ड के लिए अब चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूशन (CCI) में रहने वाले बच्चों हेतु जिला बाल सुरक्षा अधिकारी द्वारा जारी प्रमाणपत्र को भी मान्य दस्तावेज माना जाएगा। इसके अलावा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों से जुड़े दस्तावेजों को भी पहली बार आधिकारिक मान्यता दी गई है। वहीं OCI कार्डधारकों को आधार पंजीकरण के दौरान वैध विदेशी पासपोर्ट और OCI कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा।
नाम अपडेट कराने के लिए अब केवल पासपोर्ट ही नहीं, बल्कि पैन कार्ड और वोटर आईडी कार्ड भी मान्य दस्तावेज होंगे। इसके अलावा सरकारी विभाग द्वारा जारी ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र और विवाह प्रमाणपत्र को भी स्वीकार किया जाएगा।
जन्मतिथि अपडेट के लिए जन्म प्रमाणपत्र सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज रहेगा, लेकिन अब पासपोर्ट, 10वीं-12वीं की मार्कशीट, पैन कार्ड और सरकारी पहचान पत्र को भी वैध माना जाएगा।
पते के प्रमाण के तौर पर अब बिजली, पानी और गैस बिल भी मान्य होंगे, बशर्ते वे तीन महीने से पुराने न हों। इसके अलावा किरायानामा, पुलिस वेरिफिकेशन, नोटरी दस्तावेज, नया वोटर आईडी कार्ड, राशन कार्ड और प्रॉपर्टी टैक्स की रसीद भी एड्रेस प्रूफ के रूप में स्वीकार की जाएगी।
UIDAI के इन नए नियमों से आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने की प्रक्रिया आम लोगों के लिए काफी आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
ये भी पढ़ें: WhatsApp Plus: प्रीमियम लुक और नए फीचर्स के साथ आया नया सब्सक्रिप्शन प्लान