
देहरादून/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। खराब मौसम और घने कोहरे के चलते केदारनाथ रूट पर उड़ान भर रहे दो हेलीकॉप्टरों की रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि खेल मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार सभी यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सिरसी की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्रधारा से फाटा के लिए उड़ान पर था। इसी दौरान गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया। घने बादल, धुंध और कम दृश्यता के कारण उड़ान संचालन जोखिमभरा हो गया।
स्थिति को देखते हुए दोनों पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टरों को अगस्त्यमुनि खेल मैदान स्थित हेलीपैड पर सुरक्षित उतार दिया। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि खराब मौसम को देखते हुए एहतियातन दोनों हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। मौसम सामान्य होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टरों ने दोबारा सुरक्षित उड़ान भर ली।
बताया जा रहा है कि दोनों हेलीकॉप्टरों में पायलट समेत कुल 10 लोग सवार थे। घटना के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया, लेकिन सभी के सुरक्षित होने से राहत मिली।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में इन दिनों मौसम लगातार बदल रहा है। केदारनाथ घाटी में बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे के कारण हेलीकॉप्टर सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। प्रशासन द्वारा लगातार मौसम की निगरानी की जा रही है और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।
चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाएं पूरी तरह मौसम पर निर्भर रहती हैं। खराब मौसम की स्थिति में उड़ानों को रोकना या डायवर्ट करना सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी माना जाता है। उल्लेखनीय है कि केदारनाथ रूट पर पहले भी कई हेलीकॉप्टर हादसे और इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: 12 मई का मौसम अलर्ट: 11 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 60 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं